
रामपुर बुशहर। स्थानीय पीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने रूसा के विरोध में संघर्ष तेज कर दिया है। शनिवार को विद्यार्थी परिषद ने तहसीलदार मुकेश शर्मा के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। इसमें मेजर विषयों में सीटें बढ़ाने और पाठ्यक्रम तैयार करने की मांग की गई है।
कॉलेज इकाई के उपाध्यक्ष दीपक वर्मा के नेतृत्व में परिषद छात्र तहसीलदार से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इकाई उपाध्यक्ष ने कहा कि विवि प्रशासन ने पैसों के लालच में हजारों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया है। अभी पाठ्यक्रम तक तैयार नहीं है और रूसा कॉलेजों में लागू कर दिया गया। दूसरी ओर इसमें मेजर विषयों में 120 सीटें निर्धारित की गई हैं जबकि पढ़ने वाले छात्रों की संख्या अधिक है। इससे छात्र-छात्राओं को अपने मनपसंद विषयों को पढ़ने से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मेजर विषयों में सीटें 120 से बढ़ाकर कम से कम 180 की जाएं। दूसरी ओर पाठ्यक्रम भी जल्द तैयार करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि अगर सीटें नहीं बढ़ाई गईं और पाठ्यक्रम जल्द तैयार नहीं किया गया तो परिषद इसके विरोध में बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। इस अवसर पर जितेंद्र चौहान, विपिन खूंद, अजय जिंटा, तेनजिन नेगी, सन्नी नेगी, अनीश नेगी, लालचंद, बिट्टू नेगी आदि छात्र शामिल रहे।
