
केलांग। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ लाहौल-स्पीति इकाई के चुनाव में खंड विकास अधिकारी कार्यालय में तैनात लेखाकार मेघ सिंह उर्फ प्रभुजी ने संघ के पूर्व अध्यक्ष को हराकर अध्यक्ष पद जीत लिया है।
खंड विकास कार्यालय के प्रेम थिरोटी को कडे़ मुकाबले में शिकस्त देकर उपायुक्त कार्यालय के रामदयाल महासचिव बने हैं। वन विभाग केलांग के सभागार कक्ष में आयोजित चुनाव प्रक्रिया को चुनाव अधिकारी अमरजीत की देखरेख में निपटाया गया। मेघ ने पूर्व अध्यक्ष शिवलाल को 25 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद की कुर्सी पर कब्जा किया है। रामदयाल ने प्रेम थिरोटी को महज दो वोटों के अंतर से हराकर महासचिव की कुर्सी झटकी। अध्यक्ष पद के लिए बागवानी विभाग के अशोक कुमार, स्वास्थ्य विभाग के शिवलाल और खंड विकास कार्यालय के मेघ सिंह उर्फ प्रभुजी चुनावी मैदान में उतरे थे। महासचिव पद के लिए रामदयाल और प्रेम थिरोटी ने ही अपना नामांकन पत्र दायर किया। चुनाव प्रक्रिया में महिला कर्मचारियों ने भी बढ़चढ़कर भाग लिया।
नव निर्वाचित अध्यक्ष मेघ सिंह तथा महासचिव रामदयाल ने कर्मचारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे कर्मचारियों के हितों और समस्याओं को बिना किसी भेदभाव के जिला प्रशासन तथा सरकार के समक्ष रखेंगे। कहा कि जिले में कर्मचारियों की कोई गुटबाजी नहीं है और वह राज्य के उसी संगठन को समर्थन देंगे जिस संगठन को सरकार मान्यता प्रदान करेगी।
उन्होंने सभी कर्मचारी नेताओं से आग्रह किया है कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए बिना गुटबाजी के एकजुट होकर कार्य करें। वर्तमान सरकार कर्मचारी हितैषी है और जिले का अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ सरकार के साथ है। अध्यक्ष ने बताया कि दो सितंबर को जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अन्य पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।
