मूसलाधार बारिश ने मचाया कोहराम

ऊना। जिले में शनिवार तड़के से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया। हालत ऐसी थी किसुबह लगभग तीन बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश के चलते पांच बजे तक कई इलाकों में पानी भर गया था। सुबह नौ बजे तक बारिश ने ऊना को पूरी तरह जलमग्न कर डाला। जिला मुख्यालय सहित कई इलाकों के घरों में पानी भर गया और लोगों का सामान भी पानी में तैरता नजर आया। जिला मुख्यालय के पुराना बस अड्डा क्षेत्र सहित फ्रेंड्स कालोनी और जिला सचिवालय के कई दफ्तरों में भी पानी ने जमकर तबाही मचाई है। पुराना बस अड्डा क्षेत्र में एक बार फिर दर्जनों दुकानों और घरों में पानी ने जमकर नुकसान पहुंचाया है। लोगों को लाखों रुपये की चपत लग गई है। इस क्षेत्र से पानी निकालने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारी दिनभर मौके पर डटे रहे। उधर, ग्राम पंचायत बहडाला में स्थित प्राइमरी स्कूल पूरी तरह स्विमिंग पूल में तबदील हो गया। स्कूलों में चल रही छुट्टियों के चलते कोई भी छात्र मौजूद नहीं था, अन्यथा हादसा भयावह हो सकता था। फ्रेंड्स कालोनी में भी लोगों को पानी की वजह से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस क्षेत्र को जोड़ने वाली एक मात्र सड़क उफनते नाले में तबदील हो गई। लोगों के घरों में पानी घुसने से काफी तबाही हुई है। दमकल विभाग के अधिकारी कमल स्वरूप ने बताया कि कर्मचारी पानी को निकालने में जुटे हुए हैं। वहीं लगातार हो रही बारिश से हालात सामान्य होते नहीं दिख रहे हैं।

Related posts