
ऊना। बस किराये और राशन की कीमतों में वृद्धि के विरोध में भाजपा ने जिला मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं में प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शर्मा, विधायक वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक बलवीर चौधरी, प्रो. रामकुमार, सुशील कालिया और हरिओम भनोट ने मूल्य वृद्धि के खिलाफ प्रदेश सरकार पर जमकर प्रहार किए। इसके बाद भाजपाइयों ने एमसी पार्क से विरोध रैली निकाली, जो उपायुक्त कक्ष तक जारी रही। उपायुक्त के ज्ञापन लेने के लिए कार्यालय में उपलब्ध न होने की सूरत में भाजपाइयों ने उनके कक्ष अंदर भी जमकर नारेबाजी की।
उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बस किराया वृद्धि कर हिमाचल प्रदेश के आम नागरिकों पर 30 प्रतिशत वृद्धि का अनावश्यक बोझ डाल दिया है। यह वृद्धि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में आज तक की सबसे बड़ी वृद्धि है। इससे आम गरीब, मजदूर, किसान, बागवान, बेरोजगार युवा बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। आम जनता महंगाई की मार से पहले ही त्रस्त है, उसमें बस किराया वृद्धि से आम जनता की कमर टूट चुकी है। यही नहीं, बस किराया न्यूनतम दो रुपये से बढ़ाकर पांच रुपये कर दिया गया है, जिसका असर भी समाज के हर नागरिक पर पड़ेगा। भाजपा इस बस किराया वृद्धि को जनविरोधी मानती है तथा इसको तुरंत प्रभाव से वापस लेने की आवश्यकता है। उन्होंने सरकारी डिपो में मिलने वाली चीनी छह रुपये प्रति किलोग्राम और खाद्य तेलों में 10 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि सहित सीमेंट की दरों में भी पांच रुपये प्रति बैग तक महंगा करने का विरोध किया है।
ये भी रहे मौजूद
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर सिहं बग्गा, महासचिव यशपाल सिंह राणा, विजय चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सागर दत्त, सुदेश ठाकुर, सचिव मंजू जरयाल, भाजपा मंडलाध्यक्षों में ऊना से रमेश भड़ोलियां, कुटलैहड़ से मनोहर लाल शर्मा, हरोली से जगजीत मनकोटिया, गगरेट से राममूर्ति शर्मा, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी जनक राज खजांची, उपाध्यक्ष प्रदेश युवा मोर्चा सुमित शर्मा, जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष राणी रणौत, प्रदेश परिवहन प्रकोष्ठ के सह संयोजक पवन ठाकुर, जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष बशीर मोहम्मद, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष रविंद्र जसवाल, जिला व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक संतोख सिंह, जिला परिवहन प्रकोष्ठ के संयोजक पवन राणा, जिला केमिस्ट प्रकोष्ठ के संयोजक विनोद जोशी, पुनीत मैहन, साहिल सेखड़ी, बलविंद्र गोल्डी, नवदीप कश्यप, राजकुमार पठानिया, गगन ओहरी, राकेश गिक्का, नीरज जैतक, खामोश जैतक, उमंग ठाकुर, देवेेंद्र कौशल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
