मूलचंद में डेंगू से दो की मौत

नई दिल्ली। राजधानी में बीते चौबीस घंटे में डेंगू से दो मरीजों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों ही मौत मूलचंद मेडिसिटी अस्पताल में हुई है। एक मौत सोमवार की रात और दूसरी मंगलवार दोपहर को हुई है। गौर करने की बात है कि डेंगू से हुई दोनों मौत की खबर दिल्ली नगर के स्वास्थ्य विभाग को नहीं है। राजधानी में डेंगू मरीजों और उससे होने वाली मौत का आंकड़ा रखना निगम की जिम्मेदारी है। मूलचंद मेडिसिटी अस्पताल-प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात डेंगू से पीड़ित एक महिला की मौत हो गई। पीड़िता के शरीर के कई अंगों ने अचानक काम करना बंद कर दिया। महिला की उम्र 35 वर्ष के करीब बताई गई है। परिजनों ने पहचान सार्वजनिक करने से इंकार किया है। वहीं, दूसरी ओर मूलचंद अस्पताल के एक डॉक्टर की मौत भी डेंगू से हो गई। बताया जा रहा है कि डॉक्टर के भी सभी अंगों ने अचानक से काम करना बंद कर दिया था। अस्पताल-प्रशासन ने चिकित्सक का नाम बताने से इंकार कर दिया। इतना स्पष्ट किया गया कि दोनों मरीजों की मौत डेंगू से ही हुई है। उधर, निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके यादव ने कहा कि, मूलचंद अस्पताल में डेंगू से हुई मौत की कोई सूचना निगम के पास नहीं है। उन्होंने यह भी आशंका जताई की, निजी अस्पताल सही तरीके से डेंगू के आंकड़े नहीं भेज रहे हैं। लिहाजा नए सिरे से सभी अस्पतालों को डेंगू मरीजों की संख्या की सही जानकारी भेजने के लिए कहा जाएगा। इस वर्ष अभी तक दिल्ली में डेंगू मरीजों की कुल संख्या 255 रिकार्ड की गई है जबकि एमसीडी के अनुसार एक भी मौत नहीं हुई है। जबकि डेंगू से चार मौत की बात सामने आ चुकी है।

Related posts