मुफ्त बस सफर को दिखाना होगा बस पास

हमीरपुर। सरकारी स्कूलों के छात्रों को निशुल्क बस सेवा के लिए बस पास दिखाना अनिवार्य होगा। बिना बस पास कोई भी छात्र बस में मुफ्त यात्रा नहीं कर सकेगा। बस पास पर स्कूल मुखिया के अलावा निगम के क्षेत्रीय प्रबंधन के काउंटर हस्ताक्षर होना भी अनिवार्य होगा। 15 मई से निगम के दिशा निर्देश सभी स्कूलों के छात्रों पर लागू होंगे।
निगम ने डेढ़ माह तक सभी स्कूली छात्रों को निशुल्क बस सेवा मुहैया करवाई है। स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया जारी होने से छात्रों ने बिना बस पास के निशुल्क यात्रा का लाभ लिया। इसके लिए बच्चों को स्कूल वर्दी पहनना अनिवार्य था लेकिन अब स्कूल वर्दी के साथ छात्र निशुल्क यात्रा का लाभ नहीं ले सकेंगे। इसके लिए छात्रों के पास बस पास होना अनिवार्य है। निगम की बसों में परिचालक उन्हीं छात्रों को निशुल्क बस सेवा मुहैया करवाएंगे जो बस पास सहित बस में सफर करेंगे। बस पास पर स्कूल के मुखिया और निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक दोनों के हस्ताक्षर होना अनिवार्य है। हस्ताक्षरों के बिना बसों में बस पास मान्य नहीं होंगे। क्षेत्रीय प्रबंधक हमीरपुर के पास काउंटर साइन के लिए स्कूलों से बस पास काफी संख्या में पहुंच रहे हैं।
उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक अवतार सिंह का कहना है कि 15 मई के बाद छात्र बस पास सहित ही निशुल्क बस सेवा का लाभ ले सकेंगे। बिना बस पास कोई भी छात्र निशुल्क बस यात्रा नहीं कर सकेगा। इसके लिए विभागीय कर्मचारियों को सख्त दिशा निर्देश दे दिए जाएंगे।

Related posts