मुझे जैड सिक्योरिटी चाहिए : भट्टी

चंडीगढ़: स्वर्गीय जसपाल भट्टी ने हमेशा ही आम इंसान की समस्याओं को बड़े ही हास्य तरीकों के साथ सरकार तक पहुंचाया है। नॉनसैंस क्लब की ओर से कुछ ऐसी ही कोशिश दोबारा नजर आई। सोमवार को सैक्टर-17 प्लाजा में नॉनसैंस क्लब की ओर से सब्जियों के बढ़ते दाम का विरोध नाटक के जरिए दिखाया। जिसका नेतृत्व किया सविता भट्टी ने। इस दौरान सविता भट्टी ने कहा कि मेरी जान खतरे में है। मुझे जैड सिक्योरिटी चाहिए। सब हैरान थे कि अचानक सविता भट्टी को जैड सिक्योरिटी की क्या जरूरत पड़ गई।

ऐसा सविता के पास क्या खजाना है कि उन्हें जान का खतरा महसूस होने लगा। पूछने पर सविता ने बताया कि स्वर्गीय जसपाल मुझे एक हार दे गए थे। आज उसकी कीमत काफी ज्यादा हो चुकी है। इतना ही नही आम इंसान तो हर हार को खरीदने का सपना भी नहीं देख सकता। मैंने इसे बैंक के लॉकर में छुपा कर रखा था लेकिन अब इस बात का पता सबको लग चुका है और मुझे डर है कि मेरा ये बेशकीमती हार कोई चुरा या लूट न ले। इसलिए मैं सरकार से अपील करती हूं कि मुझे कोई आम सिक्योरिटी न देकर जैड सिक्योरिटी दी जाए।

वहां खड़े सब लोग हैरान व जानने के इच्छुक थे कि हार मे ऐसे कौन से हीरे जड़े हैं। हार को देखने के लिए चंद मिनटों में ही वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। डरते डरते सविता भट्टी ने हार को बैग में से निकाला। जिसे देख कुछ लोग तो हैरान हुए और कुछ लोगों की हंसी छूट गई। हार पर लगे थे टमाटर, भिंडी और प्याज।

जसराज नहीं हैं मैम्बर : सविता

सविता ने कहा कि उनका बेटा जसराज नॉनसैंस क्लब का मैम्बर नहीं है। इसलिए वो नॉनसैंस क्लब के नॉनसैंस कार्यक्रमों का हिस्सा नहीं बनता। जसराज अपने पिता जसपाल भट्टी का सपना पंजाबी इंडस्ट्री को आसमान की ऊंचाइयों तक लेकर जाने को पूरा करने में लगा है। वह पीछे रहकर ही नॉनसैंस क्लब को सहयोग देता है।

Related posts