मुख्य पाइप से दे डाले डेढ़ दर्जन पेयजल कनेक्शन

हमीरपुर। कराड़ा पेयजल योजना के तहत मिलीभगत से मुख्य पाइप लाइन से डेढ़ दर्जन कनेक्शन दे डाले हैं जिस कारण अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। योजना के अंतर्गत टैंकों को सप्लाई होने वाली मुख्य पाइपों से पेयजल कनेक्शन दे दिए गए हैं। टैंकों की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। कनेक्शन कैसे लग गए, विभाग भी बेखबर है और जांच के बाद ऐसे कनेक्शनों को काटने की बात कर रहा है। पर, सवाल उठता है कि आखिर कनेक्शन लगे तो लगे कैसे..?
कराड़ा पेयजल योजना के अंतर्गत भरनांग में स्थित पेयजल टैंक की मुख्य लाइन से डेढ़ दर्जन उपभोक्ताओं को पानी के कनेक्शन दिए गए हैं। टैंक में जैसे ही पेयजल सप्लाई शुरू होती है तो नलों में भी सप्लाई आ जाती है। उपभोक्ता पानी का दुरुपयोग कर रहे हैं। जबकि टैंक में पर्याप्त सप्लाई न होने से अन्य गांवों की सप्लाई प्रभावित हो रही है।
लोगों में सुनील कुमार, देशराज, प्रदीप कुमार, करतार चंद आदि लोगों का कहना है कि उनके गांवों में तीसरे से चौथे दिन पानी की सप्लाई हो रही है। गर्मियों के मौसम में दिक्कत बढ़ गई है। लोगों का आरोप है कि जिन उपभोक्ताओं ने मुख्य पाइपों से कनेक्शन ले रखे हैं, पानी का दुरुपयोग करते हैं। पाइपों से किचन गार्डन तर किए जाते हैं। जबकि दूसरे लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ता है।
उधर, एसडीओ हमीरपुर अमीं चंद का कहना है कि मुख्य पाइप से दिए गए कनेक्शनों को जल्द ही काट दिया जाएगा। मुख्य पाइप लाइन से किसी भी उपभोक्ता को पेयजल कनेक्शन नहीं दिया जा सकता जिससे पानी के दुरुपयोग को रोका जा सके।

Related posts