मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह आज पहुंचेंगे ऊना

ऊना। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांगड़ गांव में बुधवार सुबह 11 बजे 922.48 करोड़ लागत की देश की सबसे बड़ी तटीकरण योजना का शिलान्यास करेंगे। वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए ऊना से हरोली तक तोरणद्वार लगाए जा रहे हैं। आयोजन की सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। समारोह स्थल पर बड़ी-बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को तैयारियों का जायजा लिया।
उद्योग मंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम को यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि लोगों में 23 अक्तूबर के कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद समान विकास हो रहा है और ऊना को भी कई बड़े तोहफे मिले हैं। इनमें स्वां तटीकरण योजना सबसे प्रमुख है। वीरभद्र सरकार ने स्वां नदी की सभी सहायक 73 खड्डों के तटीकरण के लिए योजना को रिकार्ड समय में मंजूरी दिलाई है। इस तटीकरण योजना के क्रियान्वयन से ऊना की विकास गाथा में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ेगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि योजना को चार साल की अवधि के भीतर पूरा किया जाएगा।

शिमला और कांगड़ा के कलाकार जमाएंगे रंग
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की शिमला स्थित राज्य इकाई और धर्मशाला यूनिट के कलाकार भी मंगलवार को ऊना पहुंच गए। यह कलाकार बुधवार को कांगड़ गांव में होने वाली जनसभा में गीत संगीत और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों से धमाल मचाएंगे। डीपीआरओ गुरमीत बेदी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर की जीवंत झलक भी देखने को मिलेगी।

Related posts