
पेइचिंग: चीन भारत के राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर भड़क गया है। उसने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह भारत से ऐसे कदमों से परहेज करने की उम्मीद करता है जिनसे सीमा संबंधी सवाल और जटिल होते हों। अरुणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत बताकर उस पर अपना दावा करने वाले चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि भारतीय पक्ष द्विपक्षीय संबंधों के समग्र हितों को सुरक्षित रखने के लिए कदम बढ़ाएगा।
वहीं अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर पहुंचे राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने कहा कि अरूणाचल प्रदेश भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र का अभिन्न और महत्वपूर्ण हिस्सा है और देश की ‘पूर्व की ओर देखो’ विदेश नीति में मुख्य हिस्सेदार हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर इसे शेष भारत के साथ जोडऩे के लिए आधारभूत संरचना का निर्माण करना चाहिए।
