मुंह खुर रोग से आधा दर्जन मवेशियों की मौत

काईस (कुल्लू)। कोठी काईस के माटीकोछड़ थाच में खुले छोड़े पशुओं तथा तांदला गांव में मवेशियों को मुंह खुर रोग ने जकड़ लिया है। माटीकोछड़ थाच में अभी तक पांच मवेशियों की इस रोग से मौत हो चुकी है। करीब छह दर्जन पशु इस रोग की चपेट में आ चुके हैं।
ग्रामीण दुर्गा देवी, शौजी, संजीव ठाकुर, लाभ सिंह, बीरवल ठाकुर, चंद्रप्रकाश, गौ सेवक संघ के सेऊबाग के संयोजक प्रेम चंद ठाकुर ने कहा कि रोग पर अंकुश नहीं लग पा रहा। स्थानीय वार्ड पंच मोहर सिंह ने बताया कि इस जानलेवा बीमारी से ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने पशुपालन विभाग से इस रोग पर रोक लगाने के लिए कारगर कदम उठाने की मांग की है। वहीं पशुपालन विभाग कुल्लू के उपनिदेशक केके शर्मा ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई शिकायतें नहीं आई है। फिर भी पशुपालन विभाग के विशेषज्ञों का दल दवाइयों के साथ गांव को रवाना किया जाएगा।

Related posts