
मुंबई: पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली को दिल का दौरा पड़ा जिससे उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया। कांबली को यह दौरा कार चलाते वक्त पड़ा। साल 2012 में कांबली की दो रक्त वाहिनियों की एंजियोप्लास्टी की गई थी। 18, जनवरी को 42 साल के होने जा रहे विनोद कांबली ने भारत की ओर से 17 टेस्ट और 104 अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेले हैं। अपनी चमकदार बल्लेबाजी के लिए चर्चित रहे विनोद कांबली क्रिकेट से अलग होने के बाद टीवी शोज में नजर आते रहे हैं।
हाल ही में वह अपने पुराने मित्र सचिन तेंदुलकर के खिलाफ अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए चर्चा में रहे। कांबली स्कूली क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के साथ 664 रनों की तत्कालीन विश्व रिकॉर्ड साझेदारी के लिए जाने जाते हैं। हाल में सचिन के रिटायरमेंट के बाद कांबली ने कहा था कि उन्हें इस बात का दुख है कि सचिन ने विदाई भोज में न्योता नहीं दिया।
