मुंबई इंडियंस की जीत का जश्न

मुंबई इंडियंस की जीत का जश्न

कोलकाता (भाषा): मुंबई इंडियंस को आईपीएल का नया चैंपियन बनने पर ट्विटर में बधाई संदेशों का तांता लग गया तथा मनोरंजन से लेकर क्रिकेट जगत की हस्तियों ने रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम की उपलब्धि की सराहना की। बॉलीवुड स्टार अभिषेक बच्चन मैच में डूबे हुए थे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यससससस। मुंबई।।। वेलडन।’’

लेकिन जैसे ही सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल से संन्यास लेने की घोषणा की वह सकते में पड़ गए। जूनियर बच्चन ने लिखा, ‘‘नहीं अभी ऐसा नहीं होना चाहिए।’’ रितेश देशमुख ने भी इसी तरह की भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने लिखा, ‘‘सचिन सुपर छह आईपीएल सत्रों के लिए आपका शुक्रिया। आपके फैसले का सम्मान करते हैं। हमें आपकी कमी खलेगी।’’

इसके बाद उन्होंने मुंबई को बधाई संदेश भेजा, ‘‘और हम जीत गए। मुंबई इंडियंस। आप चैंपियन्स हो।’’ मुंबई इंडियंस के प्रयासों की सराहना करते हुए हस्तियों ने चेन्नई सुपरकिंग्स की कोशिशों को नहीं भुलाया जो लगातार दूसरे साल उप विजेता रही। विवेक ओबराय ने लिखा, ‘‘छह साल के इंतजार के बाद आखिर में मुंबई इंडियंस जीत गई। साहसिक पारी खेलने के लिए धोनी प्रशंसा के हकदार हैं लेकिन जीत से मैं बहुत खुश हूं।’’

बॉलीवुड की तारिका सोनाक्षी सिन्हा भी काफी उत्साहित दिखी। उन्होंने लिखा, ‘‘येयेयेये मुंबई इंडियंस। जश्न का समय है। शानदार जीत के लिए बधाई।’’

Related posts