
भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत मुंडखर तुलसी में शातिरों ने लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। करीब ढाई लाख रुपये का सामान चोर उड़ा ले गए हैं। घर का मालिक पत्नी को लेकर योल कैंट अस्पताल चैकअप के लिए गया हुआ था। पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया है तथा छानबीन की जा रही है। खोजी कुत्तों को भी मौके पर ले जाकर घटना के सुराग जुटाने का प्रयास किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेना में कार्यरत सुरजीत कुमार पुत्र किशन चंद 10 अक्तूबर को पत्नी को जांच के लिए योल कैंट अस्पताल लेकर गया था। देर होने के कारण घर नहीं लौटे। संभवतया उसी देर रात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर सेंधमारी की। सुरजीत शुक्रवार सुबह घर पहुंचे तो घर के ताले टूटे देख हैरान रह गए। अंदर अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बैड पर बिखरा पड़ा था। चोरी का आभास होने पर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। सुरजीत ने बताया कि घर से 30 हजार रुपये की नकदी, 18 हजार कीमत का एलसीडी, एक डिजिटल कैमरा, सोने की पांच अंगूठियां, सोने की चैन, मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब चोरी हुए हैं। इनकी कीमत ढाई लाख रुपये से अधिक बनती है।
उधर, पुलिस थाना प्रभारी ओम चंद ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
