
पेरिस: पेरिस स्थित मीडिया अधिकारों के क्षेत्र में कार्यरत गैर सरकारी संस्था ‘रिपोर्ट्स विदाउट बार्डर’ ने कल अपनी वार्षिक रिपोर्ट में पाकिस्तान को मीडियाकर्मियों के लिए सबसे खतरनाक देश का दर्जा दिया। संस्था ने सीरिया को दूसरे, सोमालिया को तीसरे, भारत को चौथे तथा फिलिपींस को पांचवे स्थान पर रखा है। पिछले वर्ष तक इस सूची में भारत के स्थान पर मेक्सिको तथा फिलिपींस के स्थान पर ब्राजील काबिज था।
इस संस्था ने बताया कि वर्ष 2013 में अब तक कुल 71 पत्रकारों की हत्या की जा जुकी है। सीरिया में वर्ष 2012 में 38 पत्रकारों का अपहरण किया गया और इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 87 हो चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, 18 विदेशी पत्रकार तथा सीरिया में मीडिया क्षेत्र से जुड़े 22 लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
