
हमीरपुर। त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाइयां बेचने वालों की खैर नहीं। स्वास्थ्य विभाग दुकानदारों पर पैनी नजर रखेगा। कोई भी दुकानदार मिलावटी मिठाई बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जाएगी। डिब्बे के साथ मिठाई तोलने वाले दुकानदारों पर भी विभाग की नजर रहेगी।
गौर रहे कि त्योहारी सीजन के चलते अधिकतर दुकानदार बाहरी राज्यों से मिलावटी मिठाइयां लाते हैं। ऐसे दुकानदारों पर शिकंजा कसने के लिए विभाग पहले ही मुस्तैद हो गया है। इसके लिए विभाग जल्द ही छापामारी अभियान शुरू कर रहा है। डिब्बे सहित मिठाई तोलने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। विभाग का दावा है कि छापामारी के दौरान अधिक से अधिक दुकानों से सैंपल लिए जाएंगे।
उधर, सीएमओ डा. पीआर कटवाल का कहना है कि त्योहारी सीजन के चलते जल्द ही छापामारी अभियान शुरू किया जाएगा। जो कोई दुकानदार खराब या मिलावटी मिठाई बेचता पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दोषी के खिलाफ सजा और जुर्माना दोनों का प्रावधान
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट के तहत किसी दुकानदार का सैंपल अगर फेल होता है तो एमओएच संबंधित दुकानदार को एक लाख तक जुर्माना कर सकता है। यदि मिठाई आदि खाद्य पदार्थ से किसी व्यक्ति की मौत हो जाए और संबंधित दुकान से खरीदे पदार्थ का सैंपल सही न पाया जाए तो संबंधित दुकानदार को न्यायालय में सजा और जुर्माना दोनों का प्रावधान है।
मौके पर नष्ट होगी मिठाई
छापामारी अभियान के दौरान जिस किसी दुकान में खराब मिठाई पकड़ी जाएगी उसे मौके पर नष्ट किया जाएगा। अभियान के दौरान दुकानों में सफाई व्यवस्था को भी जांचा जाएगा। जिस दुकान में सफाई दुरुस्त नहीं पाई जाएगी उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिल अवश्य लें
मिठाई खरीदते समय मिठाई का बिल अवश्य लें। सड़कों या खुले में बिक रही मिठाई न खरीदें। मिठाई खरीदने से पहले इसकी जांच अवश्य करें। यदि संभव हो सके तो मिठाइयों की बजाय ड्राई फ्रूट को तवज्जो दें। गिफ्ट आदि में भी ड्राई फ्रूट्स का प्रयोग करें। यदि कोई दुकानदार बिल देने से मना करे तो इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग से करें।
