मिलावटखोरों पर शिकंजा

चंबा। रक्षाबंधन पर्व पर मिलावटी मिठाईयां बेचकर चांदी कूटने वाले दुकानदारों पर स्वास्थ्य विभाग कड़ी नजर रखेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सोमवार से चेकिंग अभियान भी शुरू करेगा। अगर किसी दुकान में मिठाईयों में मिलावट पाई जाती है, तो उसके खिलाफ फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड एक्ट 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भाई-बहन के रिश्ते की डोर को मजबूती प्रदान करने वाले रक्षाबंधन पर्व पर लाखों रुपये की मिठाईयां बिकती हैं। मिठाई की दुकानों में रक्षाबंधन से एक दिन पहले काफी भीड़ देखने को मिलती है। हलवाई पर्व से कुछ दिन पहले ही मिठाई बनाने का कार्य शुरू कर देते हैं। कुछ दुकानदार मुनाफा कमाने के चक्कर में काफी मात्रा में मिलावट करते हैं। मिठाई की अधिक डिमांड को पूरी करने के लिए भी मिलावट का सहारा लिया जाता है। मिठाई में रंग मिलाकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की सेहत के मद्देनजर दुकानों में मिठाई की गुणवता परखने का निर्णय लिया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वाईडी शर्मा ने बताया कि मिठाई की दुकानों में चेकिंग की जाएगी। यदि मिठाई में मिलावट पाई जाती है तो मिलावटी मिठाई की मात्रा के हिसाब से जुर्माना किया जाएगा। फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड एक्ट 2006 के तहत अधिकतम एक लाख रुपये तक जुर्माना किया जा सकता है।

Related posts