मिड डे मील में कमियों पर नपेंगे

ऊना। मिड डे मील योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वीरवार को ऊना में आयोजित बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त ऊना अभिषेक जैन ने की। बैठक में मिड डे मील योजना से संबंधित कई मसलों पर चर्चा की और समस्याएं भी सुनी। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य लक्ष्य सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाना, बच्चों की स्कूल छोड़ने की प्रवृति को कम करना और शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार लाना है। बच्चों के पोषण के स्तर को ऊंचा उठाना भी योजना का लक्ष्य है। उन्होंने दो टूक कहा कि योजना के तहत बच्चों को परोसे जा रहे भोजन में किसी तरह की खामी को लेकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने सख्त निर्देश जारी करते हुए अधिकारियों को कहा कि अधिक पौष्टिक, विविध एवं अधिक रुचिकर पका हुआ मिड डे मील बच्चों को परोसा जाए। बच्चों को परोसे जा रहे मिड डे मील को लेकर अधिकारी स्कूलों में जाकर स्वयं निरीक्षण भी करें। किसी तरह की खामी पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान पाई गई त्रुटियों, कमियों से संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को अवगत करें और उनके विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने से गुरेज न करें। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पौष्टिकता का विशेष ध्यान रखा जाए। बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में उपशिक्षा निदेशक उच्च आरसी टबयाल, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा निर्मल रानी, कुलदीप सिंह, जीएस चंदेल, केपी सूद, एसएम कंवर, उजागर सिंह, गुरदीप सिंह, देवराज, गुरवचनी देवी, सुरेंद्र, इंद्र देव गुप्त, अनिल कु मार समेत सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

Related posts