मिट्टी में दबकर मजदूर की मौत

नई दिल्ली। रोहिणी इलाके में सोमवार शाम दिल्ली मेट्रो की निर्माणाधीन साइट पर हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। अन्य मजदूरों की मदद से पुलिस ने घायलों को निकालकर डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। समयपुर बादली थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, रोहिणी सेक्टर-18 के पास मेट्रो साइट पर गड्ढा खोदकर मिट्टी हटाने का काम चल रहा है। सोमवार शाम करीब 5.40 बजे गड्ढे में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करीब 10 फुट ऊंचे से मिट्टी मजदूरों पर गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बचाव कार्य शुरू कर पुलिस और दमकल को सूचित कर दिया गया। कुछ ही देर बाद बचाव दल भी मौके पर पहुंच गया और मिट्टी में दबे वाराणसी निवासी दीपक, बलिया, यूपी निवासी दीना और उमाशंकर को बाहर निकाल लिया गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उमाशंकर को मृत घोषित कर दिया। दीना और दीपक का इलाज जारी है।

रोहिणी सेक्टर-18 में डीएमआरसी के कांट्रैक्टर मैसर्स जे कुमार द्वारा खुदाई का कार्य कराया जा रहा था। लेकिन डीएमआरसी की तरफ से निर्धारित सुरक्षा के उपाय के बिना ही कार्य को अंजाम दिया जा रहा था। खुदाई के दौरान गिरी मिट्टी में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि दो जख्मी हो गए। निदेशक वर्क्स जितेंद्र त्यागी ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं। कांट्रैक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
– अनुज दयाल, कार्यकारी निदेशक, कारपोरेट कम्युनिकेशन, डीएमआरसी।

Related posts