मिंजर मेले में तैनात रहेगी स्वास्थ्य टीम

चंबा। चंबा के चौगान मैदान में 28 जुलाई से 4 अगस्त तक होने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य महकमे ने योजना तैयार कर ली है। मिंजर मेले की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा उपसमिति की बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राकेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें सरकारी और गैर-सरकारी सदस्यों ने भाग लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मेले के दौरान प्राथमिक चिकित्सा और मिंजर की खेल प्रतियोगिताओं में चोटिल खिलाड़ियों के लिए मेला परिसर में एक स्वास्थ्य टीम तैनात की जाएगी। चंबा चौगान में स्वास्थ्य विभाग की यह टीम मेले के दौरान सेवाएं देगी। मिंजर मेले के दौरान प्राथमिक उपचार के लिए जिला वासियों को क्षेत्रीय अस्पताल में नहीं जाना पड़ेगा। सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि मिंजर मेले के दौरान चिकित्सालय में सभी प्रकार के प्रबंध समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि आपातकालीन स्थिति में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। नगर परिषद से आए प्रतिनिधि को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि शहर में स्थापित कूड़ेदानों को दो बार खाली करवाया जाए। खाद्य पदार्थों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे प्रशासनिक और पुलिस कर्मचारियों को साथ लेकर मेला परिसर में खाद्य पदार्थों को नियमित निरीक्षण करें। इससे दूषित पदार्थों से होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है। इस मौके पर एमएस डा. विनोद शर्मा भी मौजूद थे।
बाक्स
आधुनिक लाइटों से जगमगाएगा शहर
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में बिजली की बेहतर व्यवस्था के लिए बिजली बोर्ड ने मंथन शुरू कर दिया है। मिंजर मेले में शहर में बिजली व्यवस्था की रूपरेखा तैयार करने के लिए चंबा बिजली बोर्ड कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि मिंजर मेले में बिजली बोर्ड शहर के प्रवेश मार्गों, मंदिरों, मस्जिदों, ऐतिहासिक इमारतों को बिजली से जगमग कर देगा। इसके लिए बोर्ड के खाका तैयार कर लिया है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि करीब एक लाख बीस हजार रुपये मिंजर मेले में खर्च होना प्रस्तावित है। खर्च का अनुमानित ब्योरा बनाकर मिंजर मेला उपसमिति के पास भेज दिया है। एमएल शर्मा ने बताया कि मिंजर मेले के दौरान ऐतिहासिक चौगान और शहर की मुख्य इमारतों में बिजली की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। बैठक में सहायक अभियंता राजीव ठाकुर, दीपक वर्मा, वेद व्यास, जीत सिंह ठाकुर मौजूद रहे।

Related posts