
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की तैयारियों को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त संदीप कदम ने की। मिंजर मेला 2013 के स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की गई। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का आयोजन 28 जुलाई से चार अगस्त तक किया जाएगा। मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में 12 बजे तक कार्यक्रम का आयोजन होगा। अन्य सात दिन में दस बजे तक की कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
उपायुक्त ने कहा कि मिंजर मेले के साथ जुड़ी प्राचीन परंपराओं का निर्वाहन करते हुए सभी वर्गों के मनोरंजन को तरजीह दी जाएगी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों व लोगों के सहयोग से ही मिंजर मेले का सफल आयोजन हो सकता है। सभी वर्गों के मनोरंजन का भी ख्याल रखा जाएगा। 18 उपसमितियों का गठन किया गया। संयोजकों को उप समितियों में कार्यशील सदस्यों को मनोनीत करके सहयोग करने को कहा। लेखा व आय साधन उप समिति के संयोजक अतिरिक्त उपायुक्त होंगे। निमंत्रण कार्ड व स्मारिका उप समिति के संयोजक सहायक आयुक्त, मिंजर वितरण एवं शोभा सभा संयोजक नप अध्यक्ष, रंगमंच व बैठने की व्यवस्था पीडब्ल्यूडी एक्सीएन, प्रकाश एवं सजावट विद्युत बोर्ड अधिशासी अभियंता, सांस्कृतिक कार्यक्रम अतिरिक्त उपायुक्त, खेलकूद प्रतियोगिताएं पुलिस अधीक्षक, प्रदर्शनी वन मंडल अधिकारी, तहबाजारी एसडीएम और पुरस्कार वितरण उप समिति के संयोजक अतिरिक्त उपायुक्त होंगे। अतिरिक्त सफाई कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर नप अध्यक्ष अनीता ठाकुर, एएसपी कुलवंत ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।
मिंजर मेले के दौरान कानून व यातायात व्यवस्था के सही संचालन, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालाें तथा शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे।
इंसेट……….
बैठक के दौरान एसडीएम भटियात अमित मैहरा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला 2012 के दौरान एक करोड़ 42 लाख चार हजार 712 की आय हुई थी। एक करोड़ 47 लाख 77 हजार 175 व्यय किए थे।
