मारपीट से रोका तो पुलिसकर्मियों की कर दी पिटाई

नई दिल्ली। कोतवाली इलाके में रिक्शा चालकों से झगड़ा कर रहे दो युवकों को रोकना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। दोनों युवकों ने बीचबचाव करने वाले एक सब इंस्पेक्टर और हवलदार की जमकर पिटाई कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद एक युवक वहां से फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात सूचना मिली कि किरारी के साइकिल मार्केट में कुछ लोग झगड़ा कर रहे हैं। इस पर हवलदार प्रकाश वहां पहुंचा। जहां पहले से ही कोतवाली में तैनात सब इंस्पेक्टर हरेंद्र मौजूद था। मौके पर दो युवक कुछ रिक्शा चालकों से झगड़ा कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इससे भड़के अशोक विहार निवासी निलेश और फैज रोड (करोलबाग) निवासी विक्की पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने हवलदार प्रकाश के चेहरे पर घूंसा मारा और उसकी वर्दी फाड़ दी। साथ ही हरेंद्र के साथ भी मारपीट की। विक्की मारपीट करने के बाद फरार हो गया, जबकि निलेश को पुलिस ने दबोच लिया।

Related posts