
हमीरपुर। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से पुरस्कार हासिल कर माया जसवाल गर्व महसूस कर रही हैं। माया जसवाल गांधी नगर, गुजरात में आयोजित ग्लोबल एग्रीकल्चर समिट में हिस्सा लेने वाले प्रदेश के कृषक दल में शामिल थीं। माया को कार्यक्रम के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। उन्हें प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह तथा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। ग्लोबल एग्रीकल्चर समिट में देश भर से किसानों ने भाग लिया था। माया जसवाल जिला हमीरपुर के बलोह गांव की रहने वाली हैं तथा काफी समय से कृषि कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शिरकत करने का अलग ही अनुभव था, जिसे बयां नहीं किया जा सकता।
