मामूली कहासुनी में मार डाला चाकू

अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत पड़ते पंजोआ में बुधवार देर रात दो युवकों के मध्य किसी बात को लेकर हुई मामूली झड़प ने खूनी खेल का रूप धारण कर लिया। मामूली कहासुनी से बढ़ी वारदात में एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से वार कर बुरी तरह घायल कर दिया। उसे उपचार और मेडिकल के लिए अंब अस्पताल में ले जाया गया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजोआ में देर रात अनिल कुमार पुत्र राजकुमार एवं मोनू दोनाें निवासी पंजोआ में किसी बात को लेकर आपस में बहस हो गई। देखते देखते दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। इस पर मोनू ने चाकू से अनिल पर वार कर दिया, जिससे अनिल कुमार के हाथ पर गंभीर चोट आई है। परिजनों को मामले का पता चलते ही वह घायल अनिल को तुरंत अंब अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मदन कौशल ने बताया कि अनिल की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related posts