मामूली कहासुनी पर बोतल से वार

भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत खुथड़ी में मामूली कहासुनी पर एक व्यक्ति ने युवक पर बोतल से हमला कर दिया। घटना में प्रदीप कुमार बाल-बाल बच गया, लेकिन बोतल की चोट से लहूलुहान हो गया। पुलिस ने प्रदीप की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार खुथड़ी निवासी प्रदीप कुमार (27) बारात में गया हुआ था। बारात में आए गांव के ही सुरेंद्र कुमार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामला शांत भी हो गया। लेकिन बारात से लौटने के पश्चात सुरेंद्र कुमार ने अन्य लोगों के साथ उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान सुरेंद्र कुमार ने टूटी हुई बोतल से उस पर वार कर दिया। प्रदीप को बोतल कूल्हे पर लगी। बोतल लगने से प्रदीप लहूलुहान हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रदीप को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शिकायत मिलने के पश्चात घायल का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज कर लिया है। प्रदीप को उपचार के पश्चात अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। खबर की पुष्टि एसपी वीना भारती ने की।

Related posts