
कांगड़ (ऊना)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र की खड्डों से घोड़ों, खच्चरों और ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत-बजरी अपने घरों को ले जाने वालों को माफिया नहीं मानेंगे। यह लोगों का हक है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि हालांकि यह कानूनन जुर्म है लेकिन फिर भी लोग घरों के लिए निर्माण सामग्री ले जा रहे हैं तो वीरभद्र भी अपना मुंह दूसरी ओर मोड़ देगा। इस बात पर पंडाल में ठहाके गूंजे। मुख्यमंत्री ने कड़क लहजे में कहा कि माफियागिरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग बड़ी-बड़ी मशीनों के जरिए खनन करके रेत-बजरी अवैध तरीके से बड़े बड़े ट्रकों से पंजाब तथा दूसरे राज्यों को भेजते हैं, उन्हें माफिया कहा जाएगा। ऐसे लोगों से मेरी तथा सरकार की कोई हमदर्दी नहीं होगी। मशीनों और ट्रकों को जब्त किया जाएगा तथा बाद में इन्हें नीलाम किया जाएगा। खड्डों से रेत बजरी एक हद तक निकाले जाते हैं। अधिक मात्रा से निकालने के कारण करोड़ों के पुलों की नींव हिल जाएगी और पुल ढह जाएंगे। अवैध खनन पर रोक के आदेश राज्य सरकार के नही,ं बल्कि यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं।
