
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (मानचंद राणा गुट) इकाई हमीरपुर के चुनाव एनजीओ भवन हमीरपुर में करवाए गए। इसमें कर्मचारियों ने मान चंद राणा को दोबारा जिला प्रधान की कमान सौंपी । सभी कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से मानचंद राणा को जिला प्रधान चुना। इसके अलावा संजीव प्रभाकर को दोबारा महासचिव, देशराज को वरिष्ठ उपप्रधान, सुरेंद्र ठाकुर और बिहारी लाल को प्रधान चुना गया है। शेष कार्यकारिणी का चुनाव बाद में किया जाएगा। चुने हुए पदाधिकारियों को इस संबंध में शक्तियां सौंपी गई हैं।
जिला प्रधान मानचंद राणा ने कहा कि हमीरपुर में सभी विभागों में कार्यरत कर्मचारी एकजुट हैं। हमीरपुर में अधिकातर कर्मचारियों ने महासंघ की सदस्यता ग्रहण की है। शेष कर्मचारियों से भी अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में सदस्यता ग्रहण करें और स्वयंभू नेताओं के झांसों में न आएं। उन्होंने कहा कि स्वयं भू नेता अपनी स्वार्थों की पूर्ति के लिए कभी भी किसी भी गुट की शरण में जा सकते हैं और इसका सीधा नुकसान कर्मचारियों को होगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में साढ़े चार हजार के करीब कर्मचारियों ने महासंघ की सदस्यता ग्रहण की है, जो दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महासंघ कर्मचारियों के हितों से जुड़ा है। जबकि स्वयंभू नेताओं को अपने स्वार्थों के अलावा कर्मचारियों से कोई लेना देना नहीं है। स्वयंभू नेता मात्र कर्मचारियों को डरा धमका कर सदस्यता ग्रहण करवा रहे हैं।
