
नई दिल्ली। चिकित्सा सुविधाओं में आए सुधार और लोगों के जागरूक होने से भारत में शिशु जन्म के दौरान महिलाओं की होने वाली मौत में 35 फीसदी की कमी आई है। शनिवार को एमिटी प्रसूति और स्त्री रोग विषय पर तीन दिवसीय संगोष्ठी में डॉक्टरों ने कहा। सरिता विहार स्थित अपोलो अस्पताल में आयोजित संगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए एमिटी के संस्थापक डॉ. अशोक चौहान ने कहा कि, महिलाएं समाज की रीढ़ होती है उनके स्वस्थ्य होने से सही समाज का निर्माण होता है। उन्होंने रॉयल कॉलेज को इसमें सुधार के लिए किए गए कामों व रिसर्च करने के लिए बधाई दी। इस मौके पर रॉयल कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. डेविड रिचमांड ने कहा कि, भारत में मेडिकल सुविधाएं बढ़ी है। लेकिन इसमें और सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि, शहरी इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं, लेकिन भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने की जरूरत है।
