
नई दिल्ली: क्या आप जानते हैं कि माइक्रोसॉफ्ट विंडोज एक्सपी के डिफॉल्ट बैकग्राउंड इमेज का थॉट कहां से और किसने ली है। अब इस राज से खुद माइक्रोसॉफ्ट ने ही पर्दा उठा दिया है। एक वीडियो में ब्लिस के फोटोग्राफर चाल्र्स ओ रीयर ने सबकुछ बताया है।
नेशनल जिओग्राफिक के पूर्व फोटोग्रापर चाल्र्स ओ रीयर बताते है, ‘नापा वैली से होते हुए गर्लफ्रेंड से मिलने सैनफ्रांसिस्को जा रहा था। रास्ते में मुझे ये खूबसूरत लैंडस्केप दिखाई दिया, जहां पूरी घास उगी थी और नीले-सफेद बादल हवा में तैर रहे थे।’ ओ रीयर ने बताया कि तस्वीर देखने पर लगता है कि यह जगह बेहद शांत वातावरण में ली गई है। लेकिन यहां से होकर गुजरने वाली सड़क ड्राइविंग के लिए खतरनाक और व्यस्त है। ओ रीयर ने 1996 में अपने वीडियो कैमरा से यह तस्वीर उतारी थी। कई साल बाद माइक्रोसॉफ्ट ने इस तस्वीर को विंडोज एक्सपी के लिए डिफॉल्ट बैकग्राउंड इमेज के तौर पर इस्तेमाल किया।
