
हरोली (ऊना)। मां न बन पाने के कारण ससुरालियाें की ओर से मिले तानों ने एक महिला की जान ले ली। महिला का ससुराल हरोली थाना के समीप ही एक गांव में है। जबकि मायका हरोली पुलिस थाना क्षेत्र के अधीन भदसाली इलाके में है। सोमवार को महिला ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि महिला को अस्पताल भी ले जाया गया, लेकिन उसकी जान न बच पाई।
मायके वालों का आरोप है कि महिला की शादी को बीस साल हो गए थे लेकिन मां न बन पाने के कारण उसे हमेशा ससुरालियों के ताने ही सहने पड़े। मंगलवार को महिला के भाई कर्म सिंह तथा मायका पक्ष के अन्य लोगों ने हरोली पुलिस थाना में आकर ससुरालियों पर कई आरोप जड़े। मायके वालों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ससुरालियों के तानों की वजह ही महिला ने आत्महत्या की है। पुलिस को दिए बयान में यह भी आरोप लगाया कि महिला पर देवर के बच्चों को गोद लेने का भी दबाव बनाया जाता रहा। महिला का पति भी इस तरह का दबाव अपनी पत्नी पर बना रहा था। यह भी आरोप जड़े हैं महिला को मानसिक तथा शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया जाता रहा लेकिन वह बीस वर्षों तक जुल्म सहती रही। जुल्मों की इंतहा होने पर महिला ने सोमवार को जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। हरोली पुलिस थाना के एसएचओ महेंद्र कुमार ने कहा कि महिला के मायका पक्ष के लोग मंगलवार को थाना आए थे। उन्होंने कहा कि उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। एसएचओ ने कहा कि पुलिस सभी आरोपों की बारीकी से छानबीन करेगी तथा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। एसएचओ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
