
चिंतपूर्णी (ऊना)। छिन्नमस्तिका धाम चिंतपूर्णी मंदिर में शनिवार दोपहर बाद विशेष तौर पर अष्टमी पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर के अंदर 11:15 बजे शुरू हुई पूजा दोपहर बाद 1:15 बजे तक चली। पूजा में मंदिर के पुजारी देवकी, संदीप, गोपाल, विनोद, प्रकाश, विक्की आदि ने भाग लिया। पूजा के दौरान मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने भी विशेष रूप से हिस्सा लिया। माता को स्नान भोग, नारियल की बलि, क न्या पूजन आदि के पश्चात प्रसाद बांटा गया। भगवती का षोडशोपचार पूजन भी किया गया। मंदिर में माथा टेकने देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे भक्तों ने मां के जयकारों से माहौल को गुंजायमान रखा। शुक्रवार तक मंदिर में 52,45,811 रुपये नकदी जबकि 89 ग्राम सोना और 2 किलो 800 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप के श्रद्धालुओं ने भेंट की। मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि मेला शांतिपूर्वक चला हुआ है। मेले के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा कर्मी हर तरफ नजर रखे हुए हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।
