
नई दिल्ली। ऑल इंडिया सीपीडब्ल्यूडी इंजीनियर्स एसोसिएशन ने अपनी तेरह सूत्री मांगों के समर्थन में निर्माण भवन के समीप प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमल नाथ और सीपीडब्ल्यूडी के महानिदेशक वीके गुप्ता के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष एसपीएस सहारन ने कहा कि, विभाग में सहायक अभियंताओं का ग्रेड पे राज्यों के सहायक अभियंताओं के ग्रेड पे से भी कम है। पिछले सात वर्ष से एक भी प्रमोटी इंजीनियर्स को रेगुलर प्रमोशन नहीं दिया गया है। प्रदर्शन में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विजेंद्र सिंह, महासचिव आरके सिंह, संयुक्त सचिव बीएन यादव, बीएस नेगी और एसोसिएशन की एक्शन कमेटी के चेयरमैन कर्मवीर सिंह भी उपस्थित थे। प्रदर्शन शुरू होने से पहले उत्तराखंड आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
