मांगों को लेकर भड़के प्रयोगशाला कर्मचारी

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश (शिक्षा) प्रयोगशाला कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष सतीश गौतम ने कहा कि पिछले 27 वर्षों से उनकी एक भी मांग पूरी नहीं हो पाई है। शिक्षा विभाग में कार्यरत हजारों प्रयोगशाला कर्मचारियाें में सरकार और शिक्षा विभाग के प्रति रोष व्याप्त है। मांगों को लेकर संघ कई बार मुख्यमंत्री से मिल चुका है। मुख्यमंत्री ने मांगें पूरा करने का आश्वासन भी दिया था लेकिन आज दिन तक उनकी किसी भी मांग को पूरा नहीं किया गया है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी ग्रेड पे मिल चुका है। केवल प्रयोगशाला कर्मचारियों को ही वंचित किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें दिए जाने वाले वित्तीय लाभ नहीं मिले तो 2016 में आने वाले वेतन आयोग में यह श्रेणी वित्तीय आधार पर तृतीय से चतुर्थ श्रेणी से भी बद्तर हो जाएगी। कोई भी कर्मचारी इस पर पर चतुर्थ श्रेणी से पदोन्नत होकर नहीं आएगा। उन्होंने बताया कि जनवरी में प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाई गई है। बैठक में कर्मचारियों की राय जानकर उचित निर्णय लिया जाएगा। संघ अपनी मांगों को लेकर उच्च न्यायालय भी जा सकता है।

Related posts