महिला से छेड़छाड़ में नाइजीरियन गिरफ्तार

नई दिल्ली। दक्षिण जिले के महरौली इलाके में रविवार की रात नाइजीरिया के रहने वाले चार विदेशी युवकों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला व उसके पति ने विरोध किया तो आरोपी हाथापाई पर उतर गए। महरौली थाना पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महरौली के वार्ड नंबर-तीन में रहने वाली 24 वर्षीय महिला ने पुलिस को शिकायत दी है कि, रात करीब साढ़े ग्यारह बजे जब उसने पति के लिए गेट खोला तो चार नाइजीरियन युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। पति द्वारा विरोध करने पर आरोपी मारपीट करने पर उतर आए। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी अथॉनी ईजेना को मौके पर ही पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी किशनगढ़ में गोशाला के पास रह रहा था। उसका न तो पुलिस वेरीफिकेशन हुआ था और न ही वह अपना पासपोर्ट दिखा पाया। उसे सोमवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस उसके साथियों की तलाश कर रही है।

Related posts