
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के बबेहड़ में रविवार देर सायं हुई एक वारदात में एक व्यक्ति ने अपने ही गांव की एक महिला के गले पर किसी तेजधार हथियार से वार कर डाला। घटना में महिला गंभीर रुप से घायल हो गई जिसे तुरंत गगरेट अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी नाजुक होती हालत के चलते उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अच्छरी देवी पत्नी जमाल दीन निवासी बबेहड़ तहसील अंब जिला ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई कि रविवार देर सायं बबेहड़ में उसी के गांव के निवासी अमरीक मोहम्मद ने उसका रास्ता रोक कर उससे मारपीट करना शुरू कर दिया लेकिन जब महिला ने आरोपी का विरोध किया तो आरोपी अच्छरी देवी के गले में तेजधार हथियार से वार कर बुरी तरह घायल कर दिया। महिला ने बताया कि उसके परिजनों और ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। एसपी अनुपम शर्मा मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 341 और 324 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
