महिला ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप

कुल्लू। कुल्लू थाने में एक महिला ने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न के लिए उसे प्रताड़ित और मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आईपीसी की धारा 498, 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शीशामाटी निवासी भगती देवी ने पुलिस में अपने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न के लिए मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है। महिला ने शिकायत में कहा है कि दो वर्ष पहले उसकी शादी शीशामाटी निवासी विजय कुमार से हुई है। शादी होने के बाद से ही उसका पति और ससुराल वाले उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। शिकायत में कहा है कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता रहता है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की जांच का जिम्मा पीएसआई ओमा ठाकुर को सौंपा गया है।

ग्रामीण बैंक ने दी ऋण संबंधी जानकारी
कुल्लू। ग्राम पंचायत मौहल में हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा ने नाबार्ड और पंचायत के सहयोग से ग्राहक जागरूकता एवं वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा मौहल के प्रबंधक सुनील सैनी ने बताया कि बैंक की ओर से बैंक महाप्रबंधक एमएस चौहान, क्षेत्रीय विकास प्रबंधक जीएस मान ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान पंचायतवासियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत करवाया गया। इसमें कृषि कार्ड, महिला कार्ड, स्वयं सहायता समूह, शिक्षा ऋण और उद्योग ऋण योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामसभा में तीन सौ से अधिक ग्रामवासियों ने भाग लिया।

Related posts