
नई दिल्ली। दक्षिण जिले के महरौली इलाके में बृहस्पतिवार की रात महिला ने चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और न ही खुदकुशी के कारणों का पता लगा है। बताया जा रहा है कि महिला डिप्रेशन में थी। महरौली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार महरौली के वार्ड नंबर-आठ में रहने वाली अनू बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे घर की चौथी मंजिल से नीचे कूद गई। उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनू की वर्ष 2004 में संदीप से शादी हुई थी और उनके छह व तीन वर्ष के दो बच्चे हैं। अनू की बड़ी बहन की भी इसी घर में शादी हुई है। अनू का छोटा भाई भी बहनों के साथ रहता था। अनू का पति संदीप जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर है। बताया जा रहा है कि अनू कई सालों से डिप्रेशन से पीड़ित थी। उसका इलाज चल रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वारदात के समय परिवार के सभी लोग घर में मौजूद थे।
