
गोहर (मंडी)। अखिल भारतीय महिला जनवादी समिति और किसान सभा की क्षेत्रीय कमेटियों ने बुधवार को मांगों को लेकर गोहर उपमंडल मुख्यालय में रैली निकाल कर एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर एसडीएम के माध्यम से सरकार को एक ज्ञापन भी भेजा गया।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें मनरेगा की दिहाड़ी डेढ़ सौ रुपये निश्चित कर 15 दिन में मजदूरी का भुगतान करना, आवारा पशुओं तथा जंगली जानवरों से किसानाें की फसलों की रक्षा करना, आंगनबाड़ी वर्कर्स और सहायिकाओं, जलवाहक, अनुबंध कर्मचारियों, तकनीकी सहायकों, पंचायत चौकीदारों, पीटीए, पैट और पैरा अध्यापकों को तुरंत नियमित करने, राशनकार्ड धारकों को दो रुपये प्रति किलो के हिसाब से 35 किलो मासिक राशन उपलब्ध करवाने, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस तथा जीवनरक्षक दवाओं के दाम कम करने, बीपीएल परिवारों के चयन से छूटे पात्र लोगों का पुन: बीपीएल में चयन करने, सीएचसी गोहर में एक्सरे प्लांट लगाने, बसों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, गोहर बस अड्डे में सुलभ शौचालय का निर्माण करने, गोहर न्योरी बस को बहाल करने, बाहरी उद्योगपतियों को टैक्स में छूट न देने, चैलचौक में बस स्टैंड बनाने, मंडी देवधार कांढा वाया गोहर बस सेवा चलाने, गोहर बस्सी बस सेवा को पुन: शुरू करने जैसी प्रमुख समस्याओं को सुलझाने की सरकार से मांग उठाई। इस मौके पर महिला जनवादी समिति की जिला सचिव जयवंती, किसान सभा के जिला अध्यक्ष जगदीश, क्षेत्रीय कमेटी के संयोजक परमदेव, महिला समिति गोहर खंड की वीना देवी समेत अनेक पदाधिकारियों ने भाग लिया।
