महिला गुमशुदगी मामले में मिले अहम सुराग

पालमपुर (कांगड़ा)। पिछले दिनों पंचरुखी इलाके के गांव तप्पा से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई महिला के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस जल्द ही महिला तक पहुंच सकती है। सूत्र बताते हैं कि महिला की मोबाइल कॉल्स डिटेल से तो कुछ पता नहीं चला था। लेकिन उनके लैंडलाइन फोन की कॉल डिटेल से एक फोन नंबर का पता चला है, जो स्थानीय युवक का बताया जा रहा है। युवक अपने पिता के साथ एक जगह नौकरी करता है।
वह पिछले दिनों घर आया था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। इससे उस पर शक जताया जा रहा है। जबकि युवक का मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की तकरीबन गुत्थी सुलझा ली है। इसे लेकर पुलिस की टीम रवाना हो रही है। हालांकि शक के दायरे में आए युवक से महिला के पति व सास ने महिला की जान को भी खतरा बताया है। उनका यह भी कहना है कि वह पुलिस की हर जांच में सहयोग कर रहे हैं। लेकिन पुलिस की ओर से उन्हें कोई उचित आश्वासन नहीं मिल रहा है। उन्होंने महिला के अपहरण की शंका जाहिर की है। उधर, थाना प्रभारी सरवन सिंह ने कहा कि महिला को लेकर पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। जिस पर पुलिस छानबीन कर रही है

Related posts