
मैड़ी (ऊना)। कुछ दिनों पूर्व मारपीट में घायल हुए व्यक्ति की पत्नी ने आरोपियों द्वारा उसे धमकाए जाने तथा जाति सूचक शब्द कहे जाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि मामले में आरोपियों के विरुद्ध वे धाराएं नहीं लगाई गईं, जो इस प्रकार के मामले में लगाई जानी चाहिए थीं। संतोष कुमारी पत्नी रवि कुमार निवासी गिड़गिड़ ग्राम पंचायत बेहड़ जस्वां ने इस संबंध में सोमवार को डीएसपी अंब को लिखित शिकायत कर सुरक्षा मुहैया करवाए जाने की मांग की है। महिला ने शिकायत में कहा है कि 29 दिसंबर को रात के वक्त वह घर पर अकेली थी, तब आरोपी उसे गंदी गंदी गालियां निकालने लगे और जान से मारने की धमकियां देने लगे और जाति सूचक शब्द भी कहे। इस संबंध में बात करने पर अंब के डीएसपी मदनलाल ने कहा कि महिला के पति पर हमले के आरोपी अदालत से जमानत पर रिहा हैं। महिला की शिकायत के बारे में निष्पक्षता से जांच की जाएगी। दोनों पक्षों को तलब किया गया है।
