
हमीरपुर। प्रदेश सरकार ने राशन कार्ड महिला मुखिया के नाम बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए 20 जनवरी तक फार्म भर कर पंचायतों में जमा करवाने के लिए कहा गया है। लेकिन लोगों को योजना रास नहीं आ रही है। रविवार को आयोजित ग्राम सभा की बैठक में पंचायतों के लोगों ने योजना पर आपत्ति जताई और योजना को खारिज कर दिया। महिलाओं ने भी राशन कार्ड महिला मुखिया के नाम बनाने के फैसले को नकार दिया।
ग्राम पंचायत अमरोह में आयोजित ग्राम सभा में 215 लोगों ने भाग लिया। सभी ने योजना को ध्वनि मत से खारिज कर दिया। पंचायत प्रधान कुलभूषण ने बताया कि लोगों का कहना है कि राशन कार्ड महिला मुखिया के नाम बनाने का निर्णय सरकार ने लिया है, समझ से परे है। ग्राम पंचायत गसोता में ग्राम सभा में 203 लोगों ने भाग लिया। पंचायत प्रधान सुरेंद्र शास्त्री ने बताया कि आधे से ज्यादा लोगों ने महिला के नाम राशन कार्ड बनाने पर आपत्ति जाहिर की। ग्राम पंचायत लंबलू में कोरम पूरी नहीं हो सका। प्रधान ने बताया कि सरकार के आदेश मानने तो पड़ेंगे। ग्राम पंचायत बफड़ीं में ग्राम सभा में करीब 137 लोगों ने हिस्सा लिया। ग्राम सभा में करीब 100 महिलाएं उपस्थित थीं। पंचायत प्रधान शकुंतला ठाकुर ने बताया कि महिलाओं का कहना है कि बेवजह परेशान किया जा रहा है। ग्राम पंचायत दड़ूही की प्रधान ऊषा बिरला ने बताया कि घर-घर जाकर फार्म भरे जा रहे हैं। ग्राम पंचायत डुग्घा में ग्राम सभा में करीब 340 सदस्यों ने भाग लिया। पंचायत प्रधान रविंद्र पटियाल ने बताया कि करीब 40 फीसदी लोगों ने महिला मुखिया के नाम पर राशन कार्ड बनाए जाने पर आपत्ति जाहिर की है। हमीरपुर खंड विकास अधिकारी सुनील चंदेल का कहना है कि 24 में से 13 पंचायतों में कोरम पूरे हो गए हैं। महिला मुखिया के नाम राशन कार्ड बनाने को लेकर ग्राम सभाओं से फिलहाल आपत्तियां नहीं आई हैं।
11 पंचायतों में कोरम पूरा नहीं
हमीरपुर। प्रदेश सरकार ने गरीब परिवारों के लिए राजीव अन्न योजना शुरू की है। योजना के तहत गरीब परिवारों को तीन रुपये प्रति किलो दर से चावल और दो रुपये प्रति किलो की दर से गेहूं देने की घोषणा की गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कुल आबादी का 56 फीसदी लोगों को राजीव अन्न योजना के तहत लाने का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं के जरिये पात्र लोगों का चयन किया जा रहा है। लेकिन लोग ग्राम सभाओं में नहीं पहुंच रहे हैं। इस कारण पात्र लोगों का चयन करना मुश्किल हो रहा है। रविवार को भी राजीव अन्न योजना को पात्रों का चयन करने के लिए पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। लेकिन हमीरपुर खंड की करीब आधी पंचायतों में कोरम पूरा नहीं हो पाया। लोगों ने ग्राम सभाओं से दूरी बनाई रखी। हमीरपुर विकास खंड अधिकारी सुनील चंदेल ने बताया कि 24 पंचायतों में से 13 पंचायतों अमरोह, बजूरी, बल्ह, धनेड़, धरोगण पति कोट, फरनोल, ललीण, मझोग सुल्तानी, मति टीहरा, ख्याह लोहाखरियां, सासण, नेरी और नाल्टी में ही कोरम पूरा हो पाया। जबकि 11 पंचायतों अणु, बस्सी झनियारा, ब्राहलड़ी, चंगर, देई दा नौण, दड़ूही, जंगल रोपा, कुठेड़ा, सेर बलौणी, टिब्बी में लोगों के न पहुंचने से कोरम पूरा नहीं हो पाया।
बिझड़ी में 30 पंचायतों के कोरम पूरे
बड़सर (हमीरपुर)। बिझड़ी विकास खंड के तहत ग्रामसभा में 30 पंचायतों के कोरम पूरे हुए हैं। ग्रामसभा में खाद्य सुरक्षा बिल के अंतर्गत परिवारों का चयन किया जाना था। ब्लाक की 48 में से 43 पंचायतों की जानकारी मिल पायी है। इनमें से 30 पंचायतों में कोरम पूरे होने की सूचना मिली है। इनमें ननावां, टिक्कर राजपूतां, समैला, बणी, सठवीं, धबड़ियाणा, क्यारावाग, बड़ा ग्रां, जजरी, कड़साई, पाहलू, कठियाणा, सकरोह, कनोह, कलवाल, सोहारी, ज्योली देवी, उसनाड़, सौर, बल्ह विहाल, कलौहण, कुलेहड़ा, घंघोट कलां, दलचेहड़ा, बल्याह, बड़सर, बिझड़ी, टिप्पर, धंगोटा, पथलयार तथा गारली पंचायत का ग्रामसभा के कोरम पूरे हुए हैं। जानकारी बीडीओ बिझड़ी प्रकाश चंद शर्मा ने दी। दूसरी ओर भौरंज ब्लॉक में 18 पंचायतों में ग्राम सभा का कोरम पूरा हुआ। जबकि बाकी 15 पंचायतों में कोरम अधूरा रहा।
महिला के नाम राशन कार्ड पर सहमति जताई
नादौन (हमीरपुर)। उप मंडल की पंचायत गौना में ग्राम सभा का कोरम पूरा हो गया। पंचायत प्रधान रेखा देवी ने कहा कि पंचायत में कोरम पूरा होने के बाद महिलाओं के नाम से राशन कार्ड बनवाने पर सहमति जताई गई। पंचायत में शराब माफिया के बढ़ते प्रकोप से बचने के लिए प्रशासन को एक प्रस्ताव पारित किया गया। गौना क्षेत्र से होकर एक एचआरटीसी की बस चलाने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति जो आईआरडीपी में दर्ज हैं और मनरेगा के कार्यों में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उन्हें आईआरडीपी सूची से निकालने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है।
