महिलाओं को बताए उनके अधिकार

रामपुर बुशहर(संदीप वर्मा)अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रामपुर नगर परिषद हाल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर महिलाओं को उनके अधिकार बताए गए। वहीं, महिलाओं को सरकार की ओर से मुहैया करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बीएमओ ननखड़ी-रामपुर डा. राजस्वी आजाद बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आओ एक दीप जलाएं…, गीत से की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाएं सबसे आगे हैं। महिला के बिना संसार अधूरा है। कार्यक्रम में ब्लॉक के आंगनबाड़ी कार्र्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या, एड्स और घरेलू हिंसा पर नाटक के माध्यम महिलाआें को जागरूक किया। इस मौके पर महिला और बाल विकास विभाग रामपुर के अधिकारी बीएल चौहान ने विभाग की विकास योजनाओं के बारे में उपस्थित महिलाओं को विस्तार से जानकारी दी। साथ ही इन विकास योजनाओं का गांव -गांव में जाकर प्रचार करने का आह्वान किया। उन्होंने बेटी है अनमोल, मातृ महिला सशक्तिकरण योजना, किशोरी शक्ति योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना और विधवा पूर्ण विवाह योजना के बारे में महिलाओं को जानकारी दी। कार्यक्रम में तहसील कल्याण अधिकारी अजय बदरेल, अधिवक्ता प्रेम लाल, नगर परिषद की पार्षद कांता गुप्ता, ब्लॉक प्रतिनिधियों के अलावा आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related posts