
बिझड़ी/सलौनी (हमीरपुर)। उपमंडल की ग्राम पंचायत कठियाणा में हैंडपंप विवाद को लेकर पुलिस जांच शुरू हो गई है। डीएसपी बड़सर लालमण शर्मा मामले की जांच कर रहे हैं। शुक्रवार को स्थानीय लोगों के बयान कलमबद्ध किए। स्थानीय लोगों द्वारा एसपी हमीरपुर से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की थी।
कठियाणा गांव में हैंडपंप लगाने को लेकर विवाद हो गया था और पुलिस ने महिलाओं को जबरन पुलिस गाड़ी में बैठा दिया था। पुलिस की कार्रवाई के प्रति रोष जताते हुए गांव वासियों ने मामले की जांच की मांग की थी।
शुक्रवार को डीएसपी बड़सर ने कठियाणा गांव में पंचायत प्रधान सहित स्थानीय लोगों के बयान लिए हैं। प्रधान रक्षा पठानिया ने डीएसपी को दिए ब्यान में कहा कि पंचायत के लोगों ने जंगल में हैंडपंप लगाने का विरोध किया था लेकिन बड़सर पुलिस ने छुटभैया नेताओं के इशारे पर पंचायत की कुछ अन्य महिलाओं को जबरदस्ती पुलिस की गाड़ी में डाल दिया तथा गिरफ्तार करने की धमकी दी। प्रधान ने बताया कि जंगल में हैंडपंप को लगवाने के लिए बड़सर पुलिस ने लोगों से दुर्व्यवहार किया। पंचायत प्रधान रक्षा पठानिया, तारा चंद, सुनील कुमार, केसरी देवी, शकुंतला देवी, शीला देवी, मदनलाल, मनमती देवी, कुलदीप चंद, अजय कुमार, गरीब दास, रश्मा देवी, रूमालो देवी, विमला देवी, साबो देवी, सुनीता देवी, बख्तावर सिंह, हुकम सिंह, गोड़ी गांव की महिला मंडल प्रधान सुमना देवी आदि मौजूद रहे। उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
