महिलाओं के उत्थान पर खर्च होंगे दो सौ करोड़ : अनिल

कुल्लू। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार ने एक महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) शुरू की है। इस मिशन के तहत प्रदेश में दो सौ करोड़ की धनराशि खर्च की जाएगी। इस धनराशि से महिलाओं को स्वरोजगार के साधन अपनाने के लिए प्रशिक्षण देने के साथ ही सस्ती दरों पर ऋ ण भी उपलब्ध करवाया जाएगा। वीरवार को जिला परिषद के सम्मेलन कक्ष में जिला परिषद और अन्य पंचायतीराज संस्थाओं तथा विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए अनिल शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग आजीविका मिशन के तहत महिला लाभार्थियों को बैंकों से सात प्रतिशत साधारण ब्याज दर पर तीन लाख रुपये तक का ऋ ण उपलब्ध करवाया जाएगा। कुल्लू जिला में तेरहवें वित्त आयोग के तहत विभिन्न विकास कार्यों के लिए आवंटित धनराशि के खर्च की समीक्षा करते हुए अनिल शर्मा ने बताया कि जिला को कुल 7.41 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई थी। इसमें से 5.16 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों तथा पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे शेष राशि को जल्द खर्च करके विकास कार्यों को पूरा करें। पंचायतीराज मंत्री ने विभागीय अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत आवंटित धनराशि को खर्च करके विकास कार्यों को गति प्रदान करें। इससे पहले जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री का स्वागत किया। बैठक में एडीएम विनय सिंह ठाकुर, एएसपी निहाल सिंह, जिला पंचायत अधिकारी गिरीश शर्मा, डीआरडीए के परियोजना अधिकारी डॉ. संजीव धीमान, जिला परिषद के सदस्य, बीडीसी कुल्लू के अध्यक्ष मेघ सिंह ठाकुर, बंजार की प्रभा पालसरा, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, बीडीओ और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related posts