महासंघ का कोई समानांतर गुट नहीं

कुल्लू। प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की जिला कुल्लू इकाई की बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एलआर गुलशन की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिला भर से आए कर्मचारी नेताओं ने भाग लिया। इसमें डीसी कुल्लू के साथ संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक करने को लेकर प्रस्ताव भी पारित किया गया। बाद में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि कुल्लू जिले में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का कोई समानांतर संगठन नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय चुनाव से पूर्व उनका पहला प्रयास प्रदेश के सभी कर्मचारियों को एक मंच पर लाना होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी कारण अलग हुए हैं उन्हें मनाने का प्रयास चल रहा है। उनकी जायज मांगें होंगी तो उन्हें मान लिया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वह अभी भी मुख्य धारा से जुड़ कर कर्मचारी हितों के लिए काम करें। इसके लिए महासंघ के दरवाजे खुले हैं। अगर कोई अपनी मांग को जबरदस्ती मनवाना चाहता है तो उसके लिए महासंघ निपटने में भी सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी महासंघ कुल्लू के चुनाव 1 से 15 जुलाई तक जिला के सभी सातों खड़ों में संवैधानिक तरीके से हुए हैं। जिला के 99 प्रतिशत कर्मचारी इस चुनाव के हिस्सा बने हैं। लिहाजा, जिलाभर में कर्मचारी महासंघ के 48 सौ सदस्यता हुई है। वह सिर्फ कुल्लू जिला में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश भर में कर्मचारियों को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश में दो धड़ों में बंटे कर्मचारी गुटों के सुरेंद्र और जोगटा से बातचीत का दौर चल रहा है। दोनों कर्मचारी नेता ने एक साथ चलने की बात कही है। एक माह के भीतर कर्मचारियों को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास करेंगे। कुल्लू जिला के कर्मचारियों की सुविधा के लिए कुल्लू में आवासीय कालोनी तथा कुल्लू की तर्ज पर जिला के अन्य छह खंडों में भी एनजीओ भवन का निर्माण करवाना है।
इस अवसर पर महासंघ के जिला महासचिव दलीप शरोट, उपाध्यक्ष राम लाल चौहान, महिला उपाध्यक्ष सुमन सोनी, रेखा महता, भोला राम ठाकुर, रोशन लाल, संयुक्त सचिव शेर सिंह कौशल, संगठन सचिव कमलश गुप्ता, कोषाध्यक्ष श्रीराम पंडित, प्रेस सचिव बलदेव शर्मा, मुख्य सलाहकार मनोज नेगी, महिला शिकायत निवारण समिति की अध्यक्षा सोनम डोलमा, सलाहकार नोरबू बौद्ध, सुखदेव सिंह, विधि सलाहकार तीर्थ राम तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts