
बिलासपुर। जिला खनन विभाग की ओर से खनन माफिया के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत नियमों की अवहेलना कर रहे तीन वाहनों के चालान किए हैं। दो वाहनों को 45 सौ-45 सौ तथा एक मामले में 10 हजार रुपये मौके पर ही वसूल किए।
जिला खनन अधिकारी नीरजकांत ने कहा कि खनन विभाग की टीम ने वीरवार को शाहतलाई क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पहला मामला गंगलोह में पेश आया। इससे मौके पर दस हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। दो चालान अंदरोली में किए गए। आगामी दिनों में जिला भर में अभियान को तेज किया जाएगा। खनन माफिया को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। यदि कोई भी खनन नियमों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रतिबंध लागू होने के बावजूद खड्डों में धड़ल्ले से बेरोकटोक अवैध खनन किया जा रहा है। अवैज्ञानिक तरीके से लगातार हो रहे खनन से खड्डें खोखली हो चुकी हैं, जिसका खामियाजा गर्मियों के दिनों गंभीर पेयजल संकट से भुगतना पड़ता है। लगातार खनन का सिलसिला बने रहने से निकट भविष्य में एक बड़ा पानी का संकट खड़ा होने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता। इसी के मद्देनजर सरकार ने खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। अवैध खनन के मामले सामने आने पर सरकार ने सभी जिलों को आदेश जारी कर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
