महंगाई पर भाजपा का हल्ला बोल

रामपुर बुशहर। आनी भाजपा मंडल ने महंगाई और बस के किराये में तीस प्रतिशत बढ़ोतरी के विरोध में निरमंड में सरकार के विरुद्ध हल्ला बोला। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाजार में रोष रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आनी भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निरमंड में महंगाई और किराया बढ़ोतरी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का महंगाई पर कोई अंकुश नहीं है। रसोई गैस, डीजल, पेट्रोल और अन्य खाद्य वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, इसके चलते आम लोगों का जीना हराम हो गया है, लेकिन सरकार बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के बजाय जन विरोधी निर्णय ले रही है। हाल ही में सरकार ने बस किराये में तीस प्रतिशत बढ़ोतरी कर साबित कर दिया है कि वह आम लोगों की नहीं बल्कि पूंजीपतियों की सरकार है।
इससे पहले हुई बैठक में चाटी पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने, बजीर बावड़ी से सरगा तक सड़क की हालत सुधारने, स्कूलों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को भरने, रामपुर-जाबो बस को समयसारणी के मुताबिक चलाने, सरगा-तुनन के लिए सरकारी बस चलाने, निरमंड और सरगा को रामपुर प्रोजेक्ट से वित्तीय लाभ देने, लाडा की बैठक जल्द बुलाने, बजीर बावड़ी-अवेरी सड़क को जल्द चौड़ा करने, प्रभावितों को फसलों को मुआवजा जल्द देने जैसी समस्याएं कार्यकर्ताओं ने उठाई और इन्हें हल करने की मांग सरकार से की।
बैठक में गंगा राम चंदेल, पूर्व विधायक किशोरी लाल, योगेश भार्गव, जीवन चौहान, अशोक ठाकुर, शशि कटोच, टिकम बंधु, सोहन बंसल, सुरेश चंद, मोहर सिंह, चवित्र, नरोत्तम, ध्यान चंद, राम किशन, तेज शर्मा, भोला दत्त गुप्ता, पूर्ण चंद, नेसू राम, बृजलाल, हेमंत, प्रीतम सागर, विजय, शालिग राम, प्रेमा देवी, रामलाल ठाकुर, जगतराम, गब्बर सिंह, मोहन भारती और पुरुषोत्तम मौजूद थे।

Related posts