
मैहतपुर (ऊना)। प्रदेश भाजपाध्यक्ष एवं ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कांग्रेस के देश में नौ वर्ष के शासन की एकमात्र उपलब्धि भ्रष्टाचार और महंगाई है। इसके लिए उसे गोल्ड मेडल मिलना चाहिए। वह कुठारखुर्द में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने गांव में विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से तीसरी बार उन्हें विधानसभा में पहुंचने का मौका मिला है। वह ईमानदारी के साथ जनता की समस्याओं को विस के अंदर एवं बाहर उठाएंगे। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है। यूपीए सरकार जनता को राहत पहुंचाने का कोई काम नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि सोनिया, मनमोहन एवं राहुल के झगड़ों में फंसी कांग्रेस ने देश को आर्थिक बदहाली की ओर लाकर खड़ा कर दिया है। सत्ती ने यूपीए के प्रवक्ताओं के गरीबों की थाली पर बयान के बारे में कहा कि केंद्र में बैठी यूपीए सरकार अब गरीबों के मुंह से निवाला छीनने पर आमादा है। केंद्र सरकार के मंत्री एवं प्रवक्ता आए दिन गरीबों की गरीबी का मजाक उड़ा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यूपीए सरकार देश में सौ दिनों में गरीबी दूर करने के दावे करके सत्ता में आई, लेकिन अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री ने देश में गरीबों की कितनी गरीबी दूर की है, यह सबके सामने है। इस अवसर पर प्रदेश भाजयुमो के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष सागर दत्त भारद्वाज, दर्शन चौधरी, पंचायत प्रधान राम किशन, पुनीत मैहन, तारो देवी, कांता देवी, मंजीत कौर, भोला देवी, अजय कुमार, रोहित मोदित्त, रमेश कुमार, अमरजीत कौर, गुरदियाल सिंह, गुरचैन दास व अन्य प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और महामंत्री भी उपस्थित थे।
