
ऊना। कांग्रेस के देश में लगातार नौ वर्ष के शासन की एकमात्र उपलब्धि भ्रष्टाचार और महंगाई हैं। यह बात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने मंडल भाजपा की बैठक में कही।
रविवार को रक्कड़ कालोनी के विद्युत विश्रामगृह में ऊना मंडल भाजपा के अध्यक्ष रमेश चंद भडौलियां की अध्यक्षता में हुई बैठक में सतपाल सत्ती विशेष रूप से उपस्थित हुए। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व देश को गुमराह करने में लगा हुआ है। देश की जनता को राहत पहुंचाने में यूपीए सरकार कोई काम नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के झगड़ों में फंसी कांग्रेस ने देश को आर्थिक बदहाली की ओर लाकर खड़ा कर दिया है। आजकल रुपये की कीमत सबसे नीचे चली गई है। एक समय वह था जब डॉलर और रुपये की कीमत बराबर थी और अब एक समय यह है, जब रुपया सबसे कमजोर है और डॉलर सबसे मजबूत। उन्होंने कहा कि देश में इस स्थिति के लिए कांग्रेस दोषी है। सत्ती ने कहा कि जनता पर लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर महंगाई थोपी जा रही है। लोगों का ध्यान बांटने के लिए खाद्य सुरक्षा बिल लाए जा रहे हैं। महंगाई से निजात पाने के लिए कांग्रेस मुक्त भारत बनाने के अभियान में जनता को भाजपा का साथ देना होगा। उन्होंने बैठक में ऊना भाजपा को बूथ स्तर पर बैठकें करने और बूथ के संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। वहीं मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्यकारिणी को जल्द गठित करने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के सदस्यता अभियान में मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूर्ण सहयोग करें। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा, प्रदेश भाजयुमो के उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, महामंत्री तिलकराज सैनी, मंडल प्रभारी चौधरी, मक्खन सिंह, बीडीसी अध्यक्ष राकेश बिल्ला, रमेश मल्ली, कमला देवी, मदन पुरी, संतोख अरोड़ा, नरेंद्र दुबे, राजेश कौशल, गुरदेव बग्गा, अश्वनी कुमार, निधि ठाकुर, हरबंस सिंह, अमृत भारद्वाज, स्वर्णी देवी व कृष्ण गोपाल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व अन्य प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और महामंत्री भी उपस्थित रहे।
