
हमीरपुर। मसियाणा खड्ड में अवैध खनन जोरों से चल रहा है। ट्रक-ट्रैक्टर चालक दिनदिहाड़े आदेशों को ठेंगा दिखाकर अवैध खनन कर रहे हैं लेकिन संबंधित विभाग समस्या से अनभिज्ञ बना हुआ है। मसियाणा में स्थित पेयजल योजना में जल स्तर भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग से अवैध खननकारियों पर शिकंजा कसने की मांग की लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। इससे क्षेत्र के लोगों में विभाग व प्रशासन के प्रति रोष है।
स्थानीय लोगों में तिलक राज, जगदीश चंद, हरनाम सिंह, प्रेम डोगरा, राजेश सिंह, हरवंश लाल, करतार सिंह, पवन चंदेल, सुमित कुमार, प्रवीण कुमार, विजेंद्र सिंह, विजय कुमार आदि का कहना है कि मसियाणा खड्ड में अवैध खनन दिन रात जोरों पर चल रहा है। सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखाया जा रहा है। मसियाणा स्थित पेयजल योजना का भी जलस्तर गिरने लगा है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन को कई बार समस्या के प्रति अवगत करवाया गया है लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। क्षेत्र के लोगों में संबंधित विभाग और जिला प्रशासन के प्रति रोष है। ग्रामीणों ने उपायुक्त हमीरपुर एवं खनन विभाग से मांग की कि मसियाणा में हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाई जाए। भूमि कटाव और पानी के जलस्तर को गिरने से बचाया जा सके।
खनन अधिकारी राजीव कालिया का कहना है कि विभाग अवैध खननकारियों पर शिकंजा कसे हुए हैं। जहां तक मसियाणा में अवैध खनन की बात है तो यहां भी विभाग द्वारा समय-समय पर छापामारी की जाती है लेकिन लोगों की शिकायत के मद्देनजर क्षेत्र में छापामारी अभियान तेज कर दिया जाएगा।
